दसवां वेतन समझौता लागू न किए जाने से नाराज बैंककर्मियों की हड़ताल के कारण बुधवार को बैंकों में ताले लटके रहे।
देशभर के बैंककर्मियों की यूनियनों के संगठन युनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के बैनर तले हुई इस हड़ताल में सरकारी क्षेत्र के अलावा निजी बैंक भी शामिल रहे।
देशव्यापी हड़ताल के दौरान सूबे के 6500 बैंक शाखाओं में पूरे दिन तालाबंदी रही। इन शाखाओं के करीब 70,000 कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इसके चलते बैंकों में कोई काम नहीं हो सका।
अकेले यूपी में 15,000 करोड़ का लेनदेन प्रभावित हुआ। जरूरी काम के लिए बैंक पहुंचे लोगों को निराश लौटना पड़ा।
बैंककर्मियों ने एटीएम को हड़ताल से अलग रखा था, लेकिन देर शाम तक यह व्यवस्था भी चरमरा गई।
यूएफबीयू के प्रदेश संयोजक वाईके अरोड़ा ने हड़ताल के पूरी तरह सफल रहने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने दसवां वेतन समझौता शीघ्र लागू नहीं किया गया तो बेमियादी हड़ताल की जाएगी।
मुंबई में 23 दिसंबर को यूएफबीयू की बैठक में इस संबंध में निर्णय किया जाएगा। एनसीबीई के महामंत्री बृजेश कुमार मिश्र ने कहा कि बैंककर्मियों की वेतन बढ़ोतरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार और इंडियन बैंकिंग एसोसिएशन उदासीन बने हुए हैं।