मरीजों की सेहत बिगाड़ने वाले डॉक्टरों पर कसेगा शिकंजा
यौन शक्ति व कद बढ़ाने का दावा करने वाले डॉक्टरों पर होगी कार्रवाई, आयुष मंत्रालय ने भेजा पत्र
मरीजों को आयुर्वेदिक दवाओं के जरिए यौन शक्ति, कद बढ़ाने समेत काले से गोरा बनाने, वजन घटाने-बढ़ाने वाले भ्रामक विज्ञापनों के जरिये फंसाने वाले डॉक्टरों पर जल्द शिकंजा कसेगा। आयुष मंत्रालय ने आयुष निदेशालय को पत्र भेजकर इन डॉक्टरों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निदेशालय ने सभी जिलों में पत्र भेजकर ऐसे डॉक्टरों पर कार्रवाई के लिए कहा है। आयुष निदेशक का कहना है कि आयुर्वेदिक दवाओं का दुरुपयोग करने वाले डॉक्टरों पर जल्द कार्रवाई होगी।
राजधानी में ऐसे करीब 50 डॉक्टरों की क्लीनिक संचालित हैं, जो यौन शक्ति बढ़ाने, कद बढ़ाने जैसे झूठे दावे कर कई सालों से अपनी दुकानें चला रहे हैं। आरोप है कि ये डॉक्टर खुद ही दवाओं का निर्माण कर मरीजों को थमाते हैं। बिना लैब से प्रमाणित दवाओं का अंधाधुंध प्रयोग मरीजों पर होता है, जो लोगों की सेहत के लिए घातक है। आयुष मंत्रालय के पास ऐसी तमाम शिकायतें पहुंची हैं। आयुष मंत्रालय ने शुक्रवार को आयुष निदेशक को पत्र भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मामले की पूरी रिपोर्ट भी तलब की है। आयुष निदेशक डॉ. एसएन सिंह ने बताया कि भ्रामक विज्ञापन के जरिए लोगों को फंसाने वाले डॉक्टरों पर जल्द शिकंजा कसेगा। अधिकारियों से सूची मांगी गई है, जिसके बाद इन पर कार्रवाई करके इन्हें बंद कराया जाएगा।