मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 से बचाव व प्रभावी इलाज के लिए कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग और सर्विलांस सिस्टम को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। अपने सरकारी आवास पर बृहस्पतिवार को हुई बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि लखनऊ, कानपुर नगर, मेरठ, आगरा और वाराणसी पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा मंत्री को निर्देश दिए कि एसजीपीजीआई, केजीएमयू, आरएमएलआईएमएस के प्रमुखों के साथ बैठक कर वहां मरीजों को मिल रहे इलाज व सुविधा की समीक्षा करें।
सीएम ने मंडलायुक्त और जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के मेडिकल कॉलेजों में जाकर बैठक करने के निर्देश दिए। कहा, वे वहां भी देखें कि विशेषज्ञ चिकित्सक कोविड वॉर्ड में नियमित राउंड ले रहे हैं या नहीं। इससे मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा। मरीजों को भर्ती में कोई समस्या न आने पाए। इसके लिए कोविड अस्पतालों में बेड की जरूरत का आकलन कर अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की जाए। उन्होंने अधिकारियों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए। कहा, जनता के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाएं, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का संचालन भी पूरी सक्रियता से करें।