तेलीबाग चौकी के पास ही नहर किनारे बुधवार को एक नवजात बच्चे का शव पड़ा मिला। इसे कुछ कुत्ते नहर से खींचकर बाहर निकाल लाए।
इसके बाद कुत्ते ने इसे नोंचकर खाना शुरू कर दिया। लोग इसे देखकर आक्रोशित हो गए और तेलीबाग चौकी पर पहुंचकर अपना गुस्सा जाहिर किया।
सूचना के बाद पुलिस कर्मियों ने नवजात के शरीर के बचे हिस्से को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के मुताबिक, नवजात बालक का शव एक से दो दिन पुराना लग रहा है।
इसे एक बोरे में बंद कर नहर में फेंक दिया गया था, जो बहकर तेलीबाग क्षेत्र में पहुंच गया। अभी इस नवजात के परिवार वालों के बारे में कुछ भी जानकारी नहीं िमली है।
खूंखार कुत्ते के हमले में बालिका लहूलुहान, भर्ती
लखनऊ में कुत्तों का कहर हर तरफ देखने को मिल रहा है। इसकी परवाह नगर निगम को जरा भी नहीं है। ज्यादातर लोग भी लापरवाही में शिकायत नहीं करते। कुछ लोग शिकायत करते भी हैं, तो उनकी सुनवाई नहीं होती।
तेलीबाग में हुई घटना के बाद मोहनलालगंज के भावाखेड़ा गांव में एक बालिका पर कुत्ते ने हमला कर दिया और उसे नोचकर लहूलुहान कर डाला।
उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। अब तक यह कुत्ता छह बच्चों को नोंचकर घायल कर चुका है। इसकी मोहनलालगंज थाने में शिकायत की गई है।
छह बच्चों को घायल कर चुके हैं कुत्ते
मोहनलालगंज के भावाखेडा निवासी टेंपो चालक राजकुमार के मुताबिक बुधवार सुबह उनकी दस वर्षीय बेटी अंजली खेतों की तरफ जा रही थी।
इस दौरान एक कुत्ते ने उसे बुरी तरह से नोंच कर लहुलूहान कर दिया। बच्ची की चीख सुन पहुंचे ग्रामीणों ने अंजली को कुत्ते से छुड़ाया और सीएचसी में भर्ती कराया।
राजकुमार ने पुलिस को बताया कि इस कुत्ते को गांव के ही संजय ने पाल रखा है। कुत्ता पागल हो चुका है। अब तक वह गांव के छह बच्चों शिवा (10), शालिनी (6), पीयूष (8), पप्पू (14), निर्मल (12), लखन (18) को काटकर घायल कर चुका है।
इसको लेकर गांव वाले कई बार संजय से शिकायत कर चुके हैं, इसक बावजू उन्होंने कोई कदम नहीं उठाया। अंजली के मामले में भी जब संजय से शिकायत की गई तो भी वह झगड़ा करने लगे। इसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
बंदर के डर से तीमारदार तीसरी मंजिल से कूदा
लोहिया अस्पताल में बंदर के डर से तीमारदार तीसरी मंजिल से कूद गया। गंभीर हालत में उसको ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। तीमारदार की बहन अस्पताल के तीसरी मंजिल के वार्ड में भर्ती हैं।
तीसरी मंजिल से युवक के कूदने के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उसे इमरजेंसी पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
अमेठी के रहने वाले कुवैद अहमद (43) की बहन ब्यूटी लोहिया अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित वार्ड नबर तीन के बेड नंबर 35 पर भर्ती है।
कुछ दिन पहले ब्यूटी का हर्निया का ऑपरेशन हुआ था। कमजोरी अधिक होने पर डॉक्टर ने उसे रक्त की जरूरत बर्ताई। शाम करीब छह बजे कुवैद अस्पताल के पहले तल पर बने ब्लड बैंक में रक्तदान कर वार्ड में जा रहे थे।
इसी दौरान रैंप पर एक बंदर बैठा दिखा तो वो घबरा गए और भागने लगे। कुवैद को भागते देख बंदर ने दौड़ा लिया और इससे घबराकर वह तीसरी मंजिल के बालकनी से कूद गया।