प्रिंसिपल उमाशंकर सिंह व सिपाही अरुण कुमार
शिक्षक भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले सरगना प्रदेश पुलिस के सिपाही अरुण के भाई अजय को एसटीएफ सरगर्मी से तलाश कर रही है। अजय मेरठ में जल भूगर्भ अधिकारी के पद पर तैनात है। अजय को गिरफ्तार करने के लिए एसटीएफ की चार अलग अलग टीमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग अलग जिलों में उसे तलाश कर रही हैं।
रविवार को नेशनल इंटर कालेज के बाहर से गिरफ्तार परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले सरगना अरुण ने खुलासा किया था कि वह अपने भाई अजय के साथ मिलकर कई परीक्षाओं में पेपर लीक करा चुका है। एसटीएफ को उम्मीद है कि अजय की गिरफ्तारी के बाद गिरोह के कई और सदस्यों पर भी एसटीएफ का शिकंजा कसेगा।
मालूम हो कि रविवार को यूपी एसटीएफ ने लखनऊ में नेशनल इंटर कालेज में सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा के दौरान वहां के प्रिंसिपल और कक्ष निरीक्षकों समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया था। इसमें मुख्य आरोपी उत्तर प्रदेश पुलिस का सिपाही अरुण कुमार सिंह था जो गोसाईंगंज थाने में तैनात है।
अरुण ने खुलासा किया था कि वह अपने भाई अजय कुमार सिंह के साथ मिलकर कई परीक्षाओं में पेपर लीक कराकर लोगों को फायदा पहुंचाता था। फिलहाल एसटीएफ अजय की तलाश में पश्चिमी यूपी के दो जिलों में डेरा जमाए हुए है।