राजधानी लखनऊ में चिनहट की नई बस्ती जैनाबाद निवासी व्यापारी मोहित पांडेय की पुलिस अभिरक्षा में मौत के मामले में राज्य मानवाधिकार आयोग ने जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर को नोटिस भेजा है। आयोग ने अधिवक्ता गजेंद्र सिंह यादव की शिकायत पर डीएम और पुलिस कमिश्नर से रिपोर्ट तलब करने के साथ मामले की अगली सुनवाई के लिए 20 दिसंबर की तिथि नियत की है।
व्यापारी मोहित पांडेय का सप्लाई का काम देखने वाले गोंडा निवासी आदेश से विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। शिकायत पर पुलिस पुलिस मोहित और आदेश को चिनहट थाने ले गई थी। पुलिस ने दोनों का शांतिभंग में चालान कर दिया था।
दूसरे दिन दोपहर में हवालात में मोहित की तबीयत बिगड़ी और अस्पताल पहुंचते ही उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में उनकी मां तपेश्वरी ने आदेश, उसके चाचा, इंस्पेक्टर चिनहट अश्वनी चतुर्वेदी और अज्ञात पुलिस वालों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था।