राज्य सरकार उत्तर प्रदेश में केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए प्राथमिकता के आधार पर जमीन उपलब्ध कराएगी।
यह आश्वासन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्रीय मानव संसाधन राज्य मंत्री जितिन प्रसाद को दिया।
जितिन शनिवार को मुख्यमंत्री से उनके सरकारी आवास पर मिलने गए थे।
मुख्यमंत्री ने कहा, राज्य सरकार विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं करना चाहती। इसलिए राज्य में केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए जमीन शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय राज्य मंत्री से कन्नौज में एक केंद्रीय विद्यालय खोलने का आग्रह किया। जितिन ने कहा कि मानव संसाधन मंत्रालय शीघ्र ही निर्णय लेकर प्रस्ताव भेजेगा।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने राज्य सरकार से मौलाना आजाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी (एमएएनयूयू) का कैंपस संभल में खोलने के लिए जमीन उपलब्ध कराने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा, इसके लिए राज्य सरकार जरूरत के मुताबिक जमीन देगी।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने लखीमपुर खीरी में केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए प्रस्तावित जमीन शीघ्र उपलब्ध कराने तथा एमएएनयूयू द्वारा सीतापुर में हॉस्टल की सुविधा के साथ सीनियर सेकेंडरी स्कूल खोलने के लिए पांच एकड़ देने के लिए कहा।
इसी जिले में दरी उद्योग के लिए कॉमन फेसिलिटी सेंटर खोलने के लिए जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने इस बारे में भी शीघ्र निर्णय करने की बात कही है।