डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) ने चल रही सेमेस्टर परीक्षाओं में कक्ष निरीक्षकों के मोबाइल फोन रखने पर रोक लगा दी है। ऐसा परीक्षा में नकल की आशंका को खत्म करने के लिए किया गया है। सभी संबद्ध कॉलेजों के निदेशक व प्राचार्यों को इस व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. अनुराग त्रिपाठी ने कहा है कि परीक्षा केंद्र में तैनात सभी कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा शुरू होने से पहले मोबाइल फोन जमा कराना होगा। इसके बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में जाने दिया जाएगा। दरअसल, विवि की बीटेक व बीफार्मा आदि की चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं चल रही हैं। विवि की ओर से सीसीटीवी कैमरे से की जा रही निगरानी में सामने आया कि कक्ष निरीक्षक परीक्षा के दौरान अनावश्यक तौर पर मोबाइल फोन या ऐसी ही डिवाइस का प्रयोग कर रहे हैं।
पांच तक अपलोड करने होंगे सेशनल
परीक्षा नियंत्रक ने संबद्ध कॉलेजों से कहा है कि वे सम सेमेस्टर रेगुलर व कैरी ओवर परीक्षाओं के विद्यार्थियों के सेशनल 5 अगस्त तक अपलोड कराएं। उन्होंने इसकी हार्ड कॉपी 10 अगस्त तक हर हाल में उनके कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
चैलेंज मूल्यांकन के लिए करें आवेदन
एकेटीयू ने सम सेमेस्टर की जून में समाप्त हुई पहले चरण की परीक्षाओं का परिणाम जारी होने के बाद विद्यार्थियों से कहा है कि वे 30 दिन के अंदर 300 रुपये शुल्क देकर अपनी कॉपी देख सकते हैं। यह निर्णय दो अगस्त से अगले 30 दिन तक प्रभावी होगा। वे परिणाम जारी होने के 45 दिन के अंदर चैलेंज मूल्यांकन के लिए भी आवेदन कर सकते हैं। इसका शुल्क प्रति विषय 2500 है।