एसएसपी ने कैसरबाग बस अड्डे का निरीक्षण किया
- फोटो : amar ujala
बाराबंकी समेत पूर्वांचल के अन्य जिलों से आने वाली बसें शाम चार से आठ बजे तक कैसरबाग बस अड्डे नहीं आएंगी। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने कैसरबाग इलाके में व्यस्त समय के दौरान लगने वाले जाम से राहत के लिए ये निर्देश दिए हैं। इसके तहत बाराबंकी से आने वाली बसें पॉलीटेक्निक चौराहा के पास स्थित स्टैंड पर सवारी उतारेंगी।
एसएसपी ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को इस बाबत सर्वे करने के लिए कहा है। परिवहन विभाग की टीम सर्वे करके क्षेत्रीय प्रबंधक को रिपोर्ट सौंपेगी। एसएसपी दोपहर 1:15 बजे कैसरबाग बस अड्डे का निरीक्षण करने पहुंचे थे। बस अड्डे से स्वास्थ्य महानिदेशालय तक सुबह से रात तक लगने वाले जाम के बारे में उन्होंने जानकारी ली।
शाम को व्यस्त समय में चार बजे से रात आठ बजे तक उन्होंने बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बहराइच समेत अन्य जिलों से आने वाली बसों को कैसरबाग के बजाय पॉलीटेक्निक पर ही रोकने के लिए सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक काशी प्रसाद को निर्देश दिए। उनका कहना था कि इन बसों के कारण न सिर्फ पॉलीटेक्निक चौराहा बल्कि स्वास्थ्य भवन तिराहा, कलेक्ट्रेट तक जाम लगता है, इसका असर अन्य रास्तों पर पड़ता है।
सड़क पर नहीं खड़े होंगे वाहन
एसएसपी कलानिधि नैथानी
- फोटो : डेमो
वहीं सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने एसएसपी को बताया कि बाराबंकी की बसें पॉलीटेक्निक से चलाने पर यात्रियों को दिक्कत होगी। उन्होंने कुछ बसें कैसरबाग और कुछ पॉलीटेक्निक से चलाने की सलाह दी। वहीं व्यस्त समय में बाराबंकी की बसों की संख्या घटाने को भी कहा।
एसएसपी के निर्देश पर दोपहर में पॉलीटेक्निक चौराहे से बस संचालन का ट्रायल भी हुआ। वहीं सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (प्रबंधन) काशी प्रसाद एवं कैसरबाग डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय बृहस्पतिवार को पॉलीटेक्निक चौराहे का सर्वे करके रिपोर्ट सौंपेंगे। निरीक्षण के दौरान हजरतगंज के क्षेत्राधिकारी अभय कुमार मिश्रा व क्षेत्राधिकारी यातायात थे।
कैसरबाग चौराहे पर बिखरी निर्माण सामग्री देख नाराज एसएसपी ने तत्काल उसे हटवाने का निर्देश दिया। उन्होंने सड़क पर खड़ीं बेतरतीब बसों को हटाकर अंदर खड़ा करने का निर्देश दिया। एसएसपी ने क्लार्क अवध होटल पर जाम देखकर चिरैयाझील मार्ग और कैसरबाग रोड पर डेलीनेटर (सड़क पर प्लास्टिक के रोल) लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने उलटी दिशा से आने वाले वाहन चालकों का चालान करने को कहा।
बसों का डायवर्जन
अतिक्रमण किया तो केस दर्ज
एसएसपी कैसरबाग बस अड्डे से आनंद सिनेमा हाल चौराहा पहुंचे। वहां लगे ठेले-खोंमचे हटवा दिए। साथ ही अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नोटिस जारी करने व न मानने पर केस दर्ज करने आदेश दिया है।
कैसरबाग अड्डे के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (प्रबंधन) काशी प्रसाद ने बताया कि अड्डे से अयोध्या की ओर जाने वाली बसें सीधे कलेक्ट्रेट के सामने से नहीं जा सकेगी। ये बस अड्डे से निकलने के बाद रेजीडेसी, गांधी भवन एवं डालीगंज पुल चौराहे से शहीद स्मारक की तरफ मुड़ेंगी।
सीडीआरआई के सामने से क्लार्क होटल के पीछे से होते हुए अयोध्या की ओर चली जाएंगी। अयोध्या से आने वाली बसें होटल क्लार्क के पीछे से होते हुए स्वास्थ्य महानिदेशक चौराहे से कलेक्ट्रेट के सामने गेट नंबर एक से बस अड्डे में दाखिल होंगी। डायवर्जन बीते सोमवार से लागू है, इससे जाम से कुछ राहत मिली है।