कोरोना की रोकथाम को ट्रांसगोमती में बढ़ेगी सख्ती
जानकीपुरम, सहारा स्टेट्स सहित कई इलाकों में विशेष सतर्कता
ट्रांसगोमती से जुड़े इलाकों में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सख्ती बढ़ाई जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन, नगर निगम स्वास्थ्य विभाग व पुलिस की संयुक्त निगरानी टीमें कोविड प्रोटोकॉल की अनदेखी करने वालों के खिलाफ एक्ट के तहत सीधे कार्रवाई करेंगी। यह चेतावनी एडीएम ट्रांसगोमती विश्व भूषण मिश्रा ने दी। वह मंगलवार को महानगर के कल्याण मंडप में कोविड से बचाव को लेकर आयोजित बैठक में शामिल थे।
ट्रांसगोमती से जुड़े अलीगंज, जानकीपुरम, सहारा स्टेट्स, अलीगंज, रविन्द्र गार्डन, कल्याणपुर, फैजुल्लागंज सहित अन्य इलाकों में कोरोना के मामले कम नहीं हो पा रहे हैं। इससे बचाव के लिए जरूरी प्रोटोकॉल का पालन न करने के कारण ही परेशानी बढ़ रही है। ऐसे में एडीएम ने निर्देश दिया है कि बैंक, दुकान व मॉल्स जहां ज्यादा भीड़ होती है, वहां बिना मास्क प्रवेश को सख्ती से रोका जाए। अपार्टमेंट्स में लिफ्ट, गेट पर सैनिटाइजर, ऑक्सीमीटर, थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था को भी आरडब्ल्यूए के सहयोग से जरूरी बनाया जाएगा। बैठक में एडीसीपी राजेश श्रीवास्तव, अपर नगर आयुक्त नगर निगम, अधिशासी अभियंता सहित स्थानीय पार्षद भी मौजूद रहे।