दशहरा और दीपावली की भीड़ के मद्देनजर रेलवे लखनऊ से दिल्ली के लिए 26 सितंबर से त्रैसाप्ताहिक प्रीमियम स्पेशल ट्रेन चलाएगा। दस दिन पहले इस ट्रेन का आरक्षण ऑनलाइन कराया जा सकेगा।
एक अक्तूबर को नई दिल्ली से लखनऊ के लिए इस ट्रेन में एसी थर्ड का किराया हवाई जहाज से भी ज्यादा है। ट्रेन का एसी थर्ड का किराया 3500 रुपये जबकि स्लीपर का किराया 1200 रुपये है।
इसके अलावा कामाख्या से भगत की कोठी के लिए भी एक स्पेशल ट्रेन का संचालन भी किया जाएगा। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी नीरज शर्मा ने बताया कि ट्रेन 04933 प्रीमियम स्पेशल लखनऊ से 26 सितंबर से 14 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार, शुक्रवार व रविवार को नई दिल्ली के लिए रवाना होगी।
यह ट्रेन लखनऊ से नई दिल्ली के लिए रात 8:15 बजे रवाना होगी। मुरादाबाद व गाजियाबाद के रास्ते ट्रेन सुबह पांच बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
इसी तरह ट्रेन 04934 प्रीमियम स्पेशल 27 सितंबर से 15 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार, शनिवार और सोमवार को शाम 7:25 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी।
यह ट्रेन सुबह 4:10 बजे लखनऊ पहुंचेगी। ट्रेन में एसी थर्ड की दो और स्लीपर की दस बोगियां होंगी। उधर 05024 स्पेशल कामाख्या से 26 सितंबर से 14 नवंबर तक प्रत्येक मंगल को रवाना होगी।
लखनऊ के रास्ते यह ट्रेन तीसरे दिन सुबह 10:15 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। ट्रेन 05023 स्पेशल भगत की कोठी से 30 सितंबर से 18 नवंबर तक चलेगी। ट्रेन में एसी सेकेंड की एक, एसी थर्ड की दो, स्लीपर की आठ व जनरल के चार कोच होंगे।