एकेटीयू से जुड़े सरकारी संस्थानों में 887 सीटें खाली
अक्षय कुमार
प्रदेश के इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट व फार्मेसी संस्थाओं में प्रवेश के लिए चल रही एसईई की काउंसिलिंग का स्पेशल राउंड बृहस्पतिवार देर शाम से शुरू हो गया। अभी तक सिर्फ एकेटीयू से संबद्ध सरकारी कॉलेजों के लिए आयोजित इस स्पेशल राउंड में पहली बार प्रदेश के कई विश्वविद्यालय भी शामिल होंगे।
इस राउंड में लखनऊ विश्वविद्यालय, डॉ. शकुंतला मिश्रा पुनर्वास विवि, ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा यूनिवर्सिटी समेत कानपुर, बरेली, जौनपुर, मेरठ, आगरा, गोरखपुर व फैजाबाद यूनिवर्सिटी भी शामिल हैं। विद्यार्थी एसईई की काउंसिलिंग में शामिल होकर इन विश्वविद्यालयों की बीटेक, एमबीए आदि की खाली सीटों पर प्रवेश पा सकते हैं। इससे विद्यार्थियों को अभी भी काफी अच्छा मौका आखिरी चरण में प्रवेश के लिए मिल सकता है। एकेटीयू की ओर से जारी सीट की रिक्तियों के अनुसार विवि से जुड़े कॉलेजों में 887 और अन्य विश्वविद्यालयों में 3186 सीटें खाली हैं। वहीं कॉलेजों की इंटरनल स्लाइडिंग में भी 651 विद्यार्थियों की सीट अपग्रेड हुई है।
स्पेशल राउंड में मिलेगा अच्छा मौका
एकेटीयू द्वारा आयोजित किए जा रहे स्पेशल राउंड के लिए पंजीकरण व शुल्क 28 नवंबर तक जमा होगा। दस्तावेज सत्यापन 29 नवंबर तथा ऑनलाइन चॉइस लॉक व फीस पेमेंट 30 नवंबर तक होगा। सीट आवंटन भी 30 को ही होगा। इसके बाद भी अगर सीट खाली रही तो फिर एक राउंड की काउंसिलिंग और आयोजित की जाएगी।
कॉलेज और विश्वविद्यालयों में खाली सीटें
कॉलेज/विवि सीटें
आईईटी 104
बीआईईटी झांसी 88
केएनआईटी 86
यूपीटीटीआई 90
फैकेल्टी ऑफ आर्किटेकचर 10
राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बिजनौर 38
राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज आजमगढ़ 40
राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज कन्नौज 48
राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सोनभद्र 38
लखनऊ यूनिवर्सिटी 663
भाषा यूनिवर्सिटी 197
पुनर्वास विवि 189
मेरठ यूनिवर्सिटी 628
जौनपुर यूनिवर्सिटी 448
कानपुर यूनिवर्सिटी 189
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी झांसी 338
आगरा यूनिवर्सिटी 200
फैजाबाद यूनिवर्सिटी 145