समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने भाजपा पर अपनी पुरानी चालें फिर दोहराने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा एक ओर किसी समुदाय के प्रति हिंसा बर्दाश्त नहीं करने की बात करती है तो दूसरे ही क्षण भाजपा के भीतर से ही शीर्ष नेतृत्व को इस पर चुनौती मिलने लगती है।
भाजपा और इसका मातृ संगठन आरएसएस समाज को तोड़ने और बांटने का काम करता है। चौधरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने लोगों को झूठे सपने दिखाकर जीत तो दर्ज करा ली, लेकिन उसके झूठे वादों की पोल साल भर में ही खुल गई।
जनता का मोह भंग होने से कुंठित भाजपा नेतृत्व दिशाहीनता का शिकार हो गया है। प्रदेश में सपा सरकार के विकास कार्यों से विपक्षी बुरी तरह परेशान हैं।
उन्हें कोई दूसरा रास्ता नहीं सूझ रहा है। इसीलिए वे फिर से जनता में वैमनस्य बढ़ाने के लिए सांप्रदायिकता को बढ़ावा देना चाहते हैं।