सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में हर तरफ गुंडागर्दी की जा रही है। प्रदेश में अराजकता का माहौल है। सरकार राष्ट्र की संपत्ति को बेच रही है। दलितों, पिछड़ों का हक छीना जा रहा है। किसान बर्बाद हो गया है। अखिलेश बृहस्पतिवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे।
अखिलेश ने कहा कि नौजवान के हाथ में नौकरी और रोजगार नहीं है। प्रदेश का 90 फीसदी पढ़ा-लिखा नौजवान बेरोजगार है। व्यापारी दुखी हैं। इतना अत्याचार और अन्याय पहले कभी नहीं हुआ था। किसान को गेहूं, धान सहित अन्य फसलों की लागत नहीं मिल रही है। महंगाई की मार से सभी परेशान हैं। उन्होंने आह्वान किया कि सभी के सहयोग से आगामी विधानसभा चुनाव में सपा को सत्ता मिलेगी। इसके बाद प्रदेश में हर वर्ग को न्याय दिलाया जाएगा।
पूर्व कमिश्नर सहित कई ने ली सपा की सदस्यता
अखिलेश के समक्ष बृहस्पतिवार को सपा कार्यालय पर विभिन्न दलों के लोगों ने सपा की सदस्यता ली। इसमें पूर्व विधायक भगेलू राम, पूर्व इनकम टैक्स कमिश्नर शिववचन राम ने अपने समर्थकों के साथ सपा की सदस्यता ली। ईसाई समाज के फादर रेवरेंट सीएल मैसी और पास्टर इंचार्ज रेवरेंट रितेश जोशुआ के साथ समाज के 21 लोग सपा में शामिल हुए। इसी तरह डॉ आजम मीर खां, नर्गिस नायाब, जावेद अहमद, अब्दुल अलीम, पप्पू रिजवान, कांग्रेस सेवा दल के डॉ मोहम्मद वासिफ ने भी सपा की सदस्यता ली।
पूर्व मंत्री केके गौतम क्षेत्रवार करेंगे संगोष्ठी
पूर्व कैबिनेट मंत्री केके गौतम 17 सितंबर से विभिन्न जिलों में अपना बूथ क रो मजबूत अभियान की शुरुआत करेंगे। वह आरक्षित विधानसभा सीटों में संगोष्ठी के जरिए लोगों को समाजवादी नीतियों से वाकिफ कराएंगे। यह कार्यक्रम 17 को सीतापुर के मिश्रिख से शुरू होगा। इसके बाद 18 को फर्रुखाबाद के कायमगंज, 19 को कन्नौज में होगा। वह 23 अक्टूबर तक 15 विधानसभा क्षेत्रों में संगोष्ठी क रेंगे।