सपा की जिला इकाइयों ने पंचायत सदस्य चुनाव के लिए प्रत्याशियों की चयन प्रक्रिया शुरू कर दी है। सभी जनपदों में जिला पंचायत सदस्य के चुनाव के दावेदारों से आवेदन मांगे गए हैं।
जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक में उम्मीदवारों के नाम पर सहमति बनाने की कोशिश की जाएगी। सहमति न बनने पर किसी को चुनाव लड़ने से रोका नहीं जाएगा। उन्हें चुनाव में फ्रैंडली फाइट के लिए छोड़ दिया जाएगा।
सपा ने प्रत्याशियों के चयन के लिए जिला स्तरीय चयन समिति बनाई है। इसके संयोजक जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं। इसमें सभी विधायक, पूर्व विधायक, सांसद, पूर्व सांसद, हारे हुए प्रत्याशी, वर्तमान और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला महामंत्री, शहर अध्यक्ष व महामंत्री आदि को शामिल किया गया है। जिला स्तर पर सभी दावेदारों से वार्डवार आवेदन मांगे गए हैं।
चयन समिति इनके आवेदनों पर विचार-विमर्श करेगी। जिन वार्डों में केवल एक दावेदार होगा, उन्हें तत्काल अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया जाएगा। एक से ज्यादा दावेदार होने पर आम सहमति बनाने की कोशिश की जाएगी। इसके लिए दावेदारों से बात भी की जाएगी।