समाजवादी पार्टी के नेताओं पर मुलायम और अखिलेश की नसीहत का कोई फर्क पड़ता नहीं दिख रहा है।
यूपी के वाराणसी में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिससे यह साफ हो गया है कि सपाईयों की गुंडई बंद होने वाली नहीं है।
पीडब्ल्यूडी राज्यमंत्री सुरेंद्र पटेल ने कंबल वितरण के एक कार्यक्रम में गरीबों को न सिर्फ धमकाया, बल्कि उनके साथ बदसुलूकी भी जमकर की।
शिवनगरी में कंबल वितरण के इस कार्यक्रम में गरीबों की भीड़ ज्यादा जमा हुई, तो आयोजन की पोल खुल गई। इस अव्यवस्था को संभालने की बजाए मंत्रीजी ने लोगों को धक्का देना शुरू कर दिया।
इतना ही नहीं, कुछ गरीबों को उन्होंने धमकाया और गंदी भाषा में बात भी की।
सुरेंद्र पटेल वही नेता हैं, जिन्हें समाजवादी पार्टी लोकसभा का प्रत्याशी बना चुकी है और उम्मीद जता रही है कि वह संसद में बैठेंगे।
गौरतलब है कि सूबे के सीएम अखिलेश यादव और सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने बीते एक हफ्ते में कड़े शब्दों में सपा नेताओं से ऐसा व्यवहार न करने की हिदायत दी है।