महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए डीजीपी के नियंत्रण में एक विशेष महिला पुलिस ढांचा बनाने का प्रस्ताव है, जिसकी पहुंच गांव स्तर तक होगी। इसका उद्देश्य महिलाओं के विरुद्ध अपराध रोकना और घटना होने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। साथ ही 1090 व्यवस्था को फिर से सुदृढ़ करने और डायल 100/112 को मजबूत बनाने की बात कही गई है, ताकि पुलिस बल कम से कम समय में मौके पर पहुंचकर नागरिकों और विशेषकर महिलाओं को सुरक्षा प्रदान कर सके।
एआई, सीसीटीवी, ड्रोन और साइबर यूनिट पर जोर
कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में तकनीक के व्यापक उपयोग का खाका भी रखा गया है। इसके तहत सभी जिलों में साइबर क्राइम कंट्रोल के लिए साइबर यूनिट स्थापित की जाएंगी। प्रमुख शहरों की ट्रैफिक व्यवस्था को एआई युक्त तकनीक से सुधारने और अपराध नियंत्रण के विभिन्न पहलुओं पर एआई आधारित व्यवस्था लागू करने की बात कही गई है। इसके अतिरिक्त एक वर्ष के भीतर गांवों और कस्बों के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे व ड्रोन निगरानी व्यवस्था स्थापित कर उसे यूपी 100/112 नियंत्रण केंद्रों से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
यूपी पुलिस में भर्ती, 33% आरक्षण और कर्मियों का कल्याण
पुलिस बल को सशक्त बनाने के लिए यूपी पुलिस के सभी खाली पदों को तत्काल भरने और नई रिक्तियों में महिलाओं को 33% प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की बात कही गई है। पुलिस कर्मियों के कल्याण के लिए काम के घंटे तय करने, साप्ताहिक छुट्टी व वर्क-लाइफ बैलेंस की व्यवस्था करने, पड़ोसी जिलों में तैनाती और पदोन्नति के अवसर देने तथा सभी कर्मियों के लिए सरकारी आवास उपलब्ध कराने का उल्लेख है। इसके साथ ही साइकिल भत्ते के स्थान पर मोटरसाइकिल भत्ता व मोबाइल भत्ता देने, पौष्टिक आहार भत्ता बढ़ाने और पुलिस विभाग में कार्यरत पति-पत्नी की यथासंभव एक ही जिले में पोस्टिंग करने की बात भी शामिल है।