कीमत या मुनाफे पर नियंत्रण नहीं, जानकारी सार्वजनिक कराना है उद्देश्य
विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस पहल का मकसद दवाओं की कीमत तय करना या अस्पताल फार्मेसियों के मार्जिन पर कोई सीमा लगाना नहीं है। व्यवस्था पूरी तरह सेल्फ-डिस्क्लोजर यानी स्व-प्रकटीकरण पर आधारित है, ताकि मरीज और उनके परिजन दवाओं के वास्तविक खरीद मूल्य और बिक्री मूल्य को समझकर सोच-समझकर निर्णय ले सकें। विभाग का फोकस विशेष रूप से उन अस्पताल फार्मेसियों पर है, जहां भर्ती मरीजों के पास दवाएं खरीदने का व्यावहारिक विकल्प सीमित या उपलब्ध नहीं होता।
1 अक्टूबर के आदेश में तय की गई थी पारदर्शिता की व्यवस्था
आयुक्त, एफएसडीए की ओर से 1 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में ड्रग प्राइस कंट्रोल ऑर्डर-2013 का उल्लेख करते हुए कहा गया था कि प्रत्येक रिटेलर और डीलर को निर्माता या आयातक की ओर से उपलब्ध कराई गई मूल्य सूची अपने कारोबार स्थल पर ऐसी प्रमुख जगह पर प्रदर्शित करनी होगी, जहां कोई भी इच्छुक व्यक्ति उसे आसानी से देख सके।
इसके तहत सभी फार्मेसियों को अपनी सार्वजनिक वेबसाइट तैयार करनी थी, जिस पर फार्मेसी का नाम, लाइसेंस संख्या, लाइसेंसधारक का नाम और परिसर का पता प्रदर्शित करना अनिवार्य किया गया। साथ ही नियुक्त फार्मासिस्ट का नाम, रजिस्ट्रेशन संख्या, फोटो और साप्ताहिक स्टॉक का विवरण भी सार्वजनिक करना होगा।
वेबसाइट को नियमित रूप से अपडेट करना और उसका यूआरएल काउंटर पर प्रमुखता से प्रदर्शित करना भी अनिवार्य किया गया है। ग्राहकों की सुविधा के लिए वेबसाइट का लिंक ऐप अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश भी हैं। निरीक्षण के दौरान यही यूआरएल फार्मेसियों में नहीं मिला।