आरक्षण देने के वादे पर मुसलमानों ने समर्थन देकर सपा की सरकार बनाई। सरकार का कार्यकाल पूरा होने का समय भी आ गया लेकिन उसने अपना वादा पूरा नहीं किया।
मुसलमानों के वोट के बिना सपा के लोग सांसद विधायक तो क्या किसी वार्ड के सदस्य तक नहीं बन सकते। गुरुवार को बसपा महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने इंदिरानगर स्थित पानी गांव पैलेस में आयोजित बसपा कार्यकर्ता सम्मेलन में ये आरोप लगाए।
नसीमुद्दीन ने कहा, सपा के लोग सरकार बनने पर अवैध कब्जा और गुंडागर्दी करने में जुट जाते हैं। सपा में छिड़े घमासान पर कहा, चाचा-भतीजा पैसे के बंटवारे को लेकर आपस में लड़ रहे हैं। सपा पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, मुलायम सिंह अपने परिवार से आगे कुछ सोच ही नहीं पाए।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को नौटंकीबाज बताया। कहा कि मोदी एक समय दहाड़ मारते हैं तो अगले पल रोने लगते हैं। बसपा नेता ने कहा, मोदी सरकार ने ढाई साल में 20 फीसदी वादे भी पूरे नहीं किए।