राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह
- फोटो : amar ujala
राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी में उत्तराधिकार की लड़ाई चल रही है। असल मुद्दा यह है कि 2017 का चुनाव हारने के बाद सपा पर कब्जा कौन करेगा।
इसके साथ ही, उन्होंने मध्य यूपी और उत्तरांचल में आठ रैलियां करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि 2017 के चुनाव में रालोद किसी से गठबंधन नहीं करेगा और जयंत चौधरी रालोद का चेहरा होंगे।
बृहस्पतिवार को यहां मीडिया कर्मियों से बातचीत में अजित ने कहा कि इन रैलियों का मकसद किसानों, गरीबों, अल्पसंख्यकों, पिछड़े वर्ग के लोगों और आम आदमी के लिए उठाई गई चौधरी चरण सिंह की आवाज को तेज करना है।
'रालोद की किसी दल से नहीं चल रही है बातचीत'
उन्होंने कहा कि 2017 के चुनाव के लिए रालोद की किसी भी दल से गठबंधन पर बातचीत नहीं चल रही है। चुनाव नजदीक होने के बावजूद राजनीतिक स्थिति को लेकर कनफ्यूजन बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के लोग बदलाव चाहते हैं, लेकिन उन्हें कारगर विकल्प नहीं मिल रहा है।
गुजरात के ऊना कांड, स्वामी प्रसाद मौर्य व आरके चौधरी के बसपा छोड़ने, मायावती के प्रति अभद्र भाषा के प्रयोग जैसे मुद्दों का राजनीति पर असर पड़ा है।
रालोद अध्यक्ष ने समाजवादी परिवार के विवाद पर चुटकी लेते हुए कहा कि मैने जितना डॉ. लोहिया को पढ़ा है, वह परिवारवाद के खिलाफ थे। यहां असल झगड़ा पार्टी पर कब्जा करने का है।
उन्होंने मुलायम, अखिलेश और शिवपाल का नाम लिए बिना कहा कि सुपर सीएम, सीएम और होने वाले सीएम कहते हैं कि मंत्री भ्रष्ट हैं, लेकिन कार्रवाई कोई नहीं कर रहा, जिम्मेदारी भी किसी की तय नहीं। सूबे में कानून व्यवस्था धवस्त है और भ्रष्टाचार का बोलबाला है।
मोदी के पास विकास का ब्ल्यू प्रिंट नहीं
अजित ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी के पास विकास का कोई ब्ल्यू प्रिंट नहीं है। केंद्र फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने को तैयार नही।
लाल किले से प्रधानमंत्री ने कह दिया गन्ना किसानों को 99.5 प्रतिशत भुगतान करा दिया। इससे दो सप्ताह पहले सहारनपुर में कहा कि किसानों का केवल 700 करोड़ गन्ना मूल्य बकाया है। अगले दिन खबर आई कि चार हजार करोड़ गन्ना मूल्य अवशेष है।
भाजपा की कोशिश पर भी लोग दंगे के लिए तैयार नहीं
उन्होंने कहा कि भाजपा कोशिश के बाद भी पश्चिमी यूपी के लोग दंगे के लिए तैयार नहीं हैं। बिजनौर की घटना को दूसरा रूप देने के प्रयास हुए, लेकिन दंगा नहीं हुआ। जबकि, इस घटना का एक आरोपी भाजपा नेता है।