जिला पंचायत वार्ड नंबर पांच के सदस्य व भिनगा निवासी धनंजय यादव 22 अगस्त शाम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। जिनका शव 25 अगस्त फोरलेन स्थित राप्ती नदी के भकला घाट पुल के निकट नदी में मिला था। उनकी हत्या की आशंका जताई जा रही थी। इसी को लेकर मंगलवार देर शाम सपा का नौ सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के निर्देश पर उनके घर पहुंचा।
भिनगा के मोहल्ला दर्जी आजाद नगर निवासी धनंजय यादव के घर पहुंचे प्रतिनिधि मंडल ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए पीड़ित परिवार व उनके भाई विक्रम यादव की हर संभव मदद का भरोसा दिया। इसके बाद प्रतिनिधि मंडल ने डीएम व एसपी से मिलकर शीघ्र जांच कर कार्रवाई करने को कहा। इस पर एसपी ने जांच में तेजी लाने, घटना का खुलासा करने का भरोसा दिया।
प्रतिनिधि मंडल में सांसद राम शिरोमणि वर्मा, विधायक गैसड़ी राकेश यादव, विधायक भिनगा इंद्राणी वर्मा, राष्ट्रीय सचिव प्रदीप यादव, अमर यादव, जिलाध्यक्ष सर्वजीत सिंह, आनंद वाल्मीकि, सतेंद्र पाल सिंह, हाफिजुर रहमान ख़ान जी सहित अन्य मौजूद रहे।