प्रदेश सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव को अपने घर और ट्विटर से बाहर निकलकर अपनी जानकारी बढ़ानी चाहिए। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में ब्लैक फंगस के मरीजों का मुफ्त इलाज हो रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कोविड कमांड सेंटर से निजी अस्पतालों में गए कोरोना मरीजों के इलाज का खर्च वहन कर रही है। निजी अस्पतालों को भी लगातार भुगतान हो रहा है। योगी सरकार की हर योजना का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है।
उन्होंने ये भी कहा कि अखिलेश यादव को प्रदेश और जनता के बारे में बेसिक जानकारी भी नहीं है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में डूबी सपा सरकार के मुखिया रहे अखिलेश यादव को देखना चाहिए कि किस तरह से योगी सरकार सीधे जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंच रही है। सपा सरकार में काबिज बिचौलियों और दलालों का नेटवर्क अब ध्वस्त हो चुका है।