उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 खाली सीटों के लिए आज नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सपा उम्मीदवारों ने पहुंचकर नामांकन कराया। आजम खां की पत्नी डॉ. तजीन फातिमा ने भी नामांकन कराया।
गौरतलब है कि डॉ. फातिमा ने पहले सपा का राज्यसभा टिकट ठुकरा दिया था। शुक्रवार को राज्यसभा की उम्मीदवारी के लिए उनके नाम के ऐलान के कुछ घंटे बाद ही डॉ. फातिमा ने चुनाव न लड़ने की इच्छा जता दी थी।
इस पर आजम खां ने भी कहा था कि किसी और को मौका देना चाहिए। नामांकन स्थल पर पर राम गोपाल, तजीन फातिम, चंद्रपाल सहित सभी उम्मीदवार पहुंचे। विधानसभा में राजर्षि पुरुषोत्तम टंडन हॉल में सभी प्रत्याशी सुबह 11:30 पर नामांकन करने पहुंच गए थे।
नामांकन की प्रक्रिया शुभ मुहूर्त के मुताबिक 11:40 पर शुरू हुई। सबसे पहले प्रो. रामगोपाल यादव ने पर्चा भरा। इसके बाद डॉ. फातिमा, तीसरे नंबर पर चंद्रपाल सिंह, चौथे पर नीरज शेखर, पांचवें पर रवि प्रकाश वर्मा और सबसे आखिरी में जावेद अली ने पर्चा भरा। सभी नामांकन प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप दुबे ने लिए।
उम्मीदवारों के साथ सीएम अखिलेश यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव, अक्षय यादव और शिवपाल सिंह आदि लोग मौजूद रहे।