लखनऊ के चिनहट पुलिस ने सोमवार देर रात अवैध शराब फैक्टरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी आदित्य सिंह को गिरफ्तार कर लिया। वह डब्ल्यूएचओ के अधिकारी का बेटा है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
चिनहट पुलिस ने नकली शराब बनाने वाले गिरोह के वांछित चल रहे एक सदस्य को सोमवार को बीबीडी कॉलेज के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आदित्य सिंह प्रतापगढ़ के डंगरी का रहने वाला है। उसके पिता डब्ल्यूएचओ में बतौर अधिकारी तैनात हैं। आदित्य अपने अन्य साथियों के संग मिलकर अवैध शराब की फैक्टरी चला रहा था। इसकेचार साथियों को चिनहट पुलिस ने पहले गिरफ्तार किया था। यह गिरोह नकली शराब को असली बनाकर बाजार में बेचते थे। इसके लिए सरकारी लाइसेंसी दुकानों व ठेकों में पहुंच बना रखी थी।
पुलिस ने बताया कि अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी पहचान पत्र तैयार करते थे। गिरोह के सदस्य जगह बदल-बदल कर नकली शराब बनाने का कार्य करते हैं। वहीं इससे पहले पुलिस ने चिनहट के देवरिया खुर्द व सतरिख रोड स्थित टेराखास के पास इसी गैंग के सदस्यों के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर नकली अपमिश्रित शराब बनाने का भंडाफोड़ किया था।