सीतापुर के रामपुर कलां थाना क्षेत्र में बुधवार रात घर में सो रही बुजुर्ग महिला की उसके ही पुत्र, पौत्र व बहू ने गला रेतकर हत्या कर दी। महिला का शव सुबह तख्त पर पड़ा मिला। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल बरामद कर लिया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम भदेसिया निवासी मोतीलाल की पत्नी बिट्टो देवी (65) सोहनलाल के घर रहती थी। बुधवार रात बिट्टो घर में सो रही थी। इसी बीच धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी गई।
गुरुवार सुबह सूचना मिलते ही एएसपी महेंद्र प्रताप सिंह व सीओ उदय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना के संबंध में बिट्टो की छोटी बहू राकेश की पत्नी रचना देवी ने अपने जेठ सोहनलाल, सोहनलाल के पुत्र बबलू व बबलू की पत्नी पूनम देवी के खिलाफ रामपुर कलां थाने में तहरीर दी और जेठ व उसके पुत्र तथा बहू पर हत्या का आरोप लगाया।