बख्शी का तालाब। इटौंजा के अरम्बा गांव में मंगलवार को शराब के लिए रुपये देने से मना करने पर राकेश ने बुजुर्ग पिता रामदीन गौतम (90) को डंडे से पीटकर अधमरा कर दिया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज करते हुए आरोपी राकेश को गिरफ्तार कर लिया है।
रामदीन के चार बेटे राजेश, राकेश, मोतीलाल और राजाराम हैं। राजेश कुमार गौतम शहर में परिवार के साथ रहकर काम करता है। जबकि राकेश कुमार, मोतीलाल और राजाराम पिता के साथ रहते हैं। मोतीलाल का आरोप है कि मंगलवार की दोपहर राकेश ने पिता रामदीन से शराब पीने के लिए रुपये मांगे थे। पिता के रुपये न देने पर राकेश ने डंडे से उन्हें पीटकर मरणासन्न कर दिया।
परिजनों ने उन्हें बीकेटी के रामसागर मिश्र हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां शाम को उनकी मौत हो गई। एसीपी बीकेटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मोतीलाल की तहरीर पर राकेश के खिलाफ की गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया गया है।
15 किलो चांदी और जमीन के बंटवारे का चल रहा था विवाद
बेटे राजेश कुमार गौतम के मुताबिक मंगलवार को पड़ोसियों से उन्हें घटना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को फोन किया। आरोप है कि घर में 15 किलो चांदी और जमीन के बंटवारे का विवाद चल रहा था। पिता से उनकी बात हुई थी तो वह दिवाली के बाद बंटवारा करने को तैयार थे। लेकिन उसके पहले ही आरोपी भाई ने पिता की हत्या कर दी।