लखनऊ। चिनहट में एल्डिको तिराहा स्थित मेधा सोलर फर्म के संचालक ऋषभ सिंह और उनके तीन सहयोगियों पर तेजाब फेंकने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने भदोही के जलालपुर निवासी अतहर रजा को पकड़ा है। यह हमला ऋषभ सिंह के प्रेम प्रसंग से नाराज होकर करवाया गया था। मुख्य साजिशकर्ता और वारदात में शामिल तीन आरोपी अभी भागे हुए हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगी है।
इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की मदद से पुलिस को बाइक सवार दो संदिग्धों की फुटेज मिली थी। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस से जांच आगे बढ़ी। पुलिस को पता चला कि बाइक सवार आरोपी भदोही के रहने वाले थे। वारदात में दो अन्य आरोपी भी शामिल थे, जो घटनास्थल के पास मौजूद थे। इस जानकारी के बाद पुलिस की एक टीम भदोही भेजी गई। शनिवार को चिनहट पुलिस ने अतहर रजा को भदोही के काजीपुर से गिरफ्तार किया।
50 हजार रुपये में तेजाब फेंकने का सौदा हुआ था तय
इंस्पेक्टर के मुताबिक, आरोपी अतहर रजा ने बताया कि वह भदोही में कालीन बनाने वाली फैक्टरी में काम करता है। भदोही काजीपुर निवासी एहसान ने घटना की साजिश रची थी। वारदात में अतहर के साथ भदोही जलालपुर निवासी साजिद, काजीपुर निवासी अरहम और तालिब शामिल थे। एहसान ने तेजाब फेंकने के लिए 50 हजार रुपये दिए थे। ऋषभ सिंह की फोटो और उनके दफ्तर का पता भी दिया था। आरोपी एसयूवी से लखनऊ पहुंचे। इसके बाद परिचित की बाइक से आरोपी ऋषभ के दफ्तर आए और तेजाब फेंककर भदोही भाग गए। जांच में पता चला कि एहसान का युवती से प्रेम प्रसंग था, लेकिन युवती ने उसे छोड़कर ऋषभ सिंह से संबंध बना लिए थे।