अमौसी एयरपोर्ट पर कस्टम ने 87.10 लाख रुपये का सोना बरामद किया। मस्कट की फ्लाइट से आया तस्कर इसे एयरपोर्ट टर्मिनल तक लाने वाली बस में छोड़कर भाग निकला था।
विज्ञापन
तस्करों पर लगाम लगाने के लिए कस्टम के साथ सीआईएसएफ की इंटेलीजेंस यूनिट भी एयरपोर्ट पर डटी हुई है। बृहस्पतिवार को मस्कट से ओमान एयरलाइंस की फ्लाइट डब्लूवाई-261 दोपहर करीब तीन बजे लखनऊ पहुंची। इसके यात्रियों को एयरपोर्ट टर्मिनल तक लाने वाली बस में ड्राइवर को एक पैकेट नजर आया। उसने सीआईएसएफ की इंटेलीजेंस यूनिट के अजीत तिवारी को सूचना दी।
इसके बाद मौके पर पहुंची कस्टम की टीम ने सोने को कब्जे में ले लिया। अधिकारियों ने बताया कि पेस्ट के रूप में लाए गए 1.75 किलो के सोने की कीमत 87.10 लाख रुपये है। जानकारी अनुसार 26 नवंबर से सात दिसंबर के बीच एयर कस्टम ने तस्करों से 1.4 किलो की 5,59,800 सिगरेट बरामद की हैं। इनकी कीमत 79.35 लाख रुपये है। इनकी तस्करी करने वाले 22 यात्रियों से पूछताछ भी की गई है।