- एसटीएफ ने कल्ली पश्चिम के पास किसान पथ से बरामद की 75 लाख की शराब
- यूरिया की बोरियों में छिपाकर रखे गए थे 575 पेटी शराब
लखनऊ। बिहार चुनाव में खपाने के लिए शराब लेकर जा रहे एक तस्कर को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 75 लाख रुपये की शराब बरामद की गई है। तस्कर कंटेनर में यूरिया की बोरियों के बीच अलग अलग ब्रांड के 575 पेटी अंग्रेजी शराब छिपाकर ले जा रहा था।
एसटीएफ में डिप्टी एसपी विमल कुमार सिंह के मुताबिक काफी दिनों से शराब की तस्करी की सूचना मिल रही थी। इसी क्रम में एक टीम गठित की गई थी। मुखबिर की सूचना पर टीम ने हरियाणा के झज्जर स्थित पोस्ट चिमनी, बेरी निवासी विश्ववेंद्र को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सोनू राठी, गुरनीत सिंह गोगिया और अतुल का एक संगठित गिरोह है। यह गिरोह हरियाणा और पंजाब राज्य से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बिहार में सप्लाई करारा है। कंटेनर ट्रक में गुप्त रूप से कैबिटी बनाई गई थी, जिसके एक हिस्से में चंडीगढ़ से 210 बोरी खाद लोड किया था तथा दूसरे हिस्से में गिरोह के लोगो अवैध अंग्रेजी शराब रखवाया था।
दरभंगा पहुंचानी थी खेप, मिलते थे एक लाख रुपये
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब की खेप को दरभंगा (बिहार) में पहुंचाना था। दरभंगा पहुंचने पर सोनू राठी, गुरनीत सिंह गोगिया और अतुल के आदमी को शराब को अलग अलग इलाके में ले जाने वाले थे। आरोपी को इस काम के लिए प्रति चक्कर एक लाख रुपये मिलते थे। गिरोह का सरगना सोनू राठी है। एसटीएफ गिरोह के अन्य लोगों के बारे में पता लगा रही है। आरोपी ने बताया कि अवैध शराब को बिहार चुनाव में खपाने की योजना था। चुनाव के कारण बिहार में अवैध शराब की मांग बढ़ गई है। एसटीएफ ने आरोपी के खिलाफ पीजीआई थाने में केस दर्ज कराया है।