प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन मार्च को प्रस्तावित एक दिवसीय दौरे से पहले 24 फरवरी को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी अमेठी आएंगी। इस दौरान केंद्रीय मंत्री पदाधिकारियों, प्रमुख नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर जनसभा में भारी भीड़ जुटाने के अलावा अन्य मुद्दों पर आम सहमति बनाने की कोशिश करेंगी। केंद्रीय मंत्री की योजना पीएम के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाकर लोकसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बढ़त हासिल करने का है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक दिवसीय दौरे पर तीन मार्च को अमेठी आएंगे। पीएम का कार्यक्रम मुंशीगंज स्थित आयुध निर्माणी परियोजना (ऑर्डिनेंस फैक्ट्री) परिसर में अत्याधुनिक असॉल्ट राइफल एके-103 की नई यूनिट का शुभारंभ करने का है। इसके अलावा प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। फिलहाल कार्यक्रम स्थल को लेकर अब तक पार्टी व प्रशासन में सहमति नहीं बन पाई है।
नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनने के बाद तीन मार्च को पहली बार कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी आ रहे हैं। ऐसे में भाजपा के साथ ही अमेठी को अपना बनाने की कोशिश में जुटीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी पूरी ताकत झोंक रखी है। पीएम का कार्यक्रम लगने के बाद से ही जहां स्मृति के निजी सचिव विजय गुप्ता अमेठी में डटे हैं वहीं पीएम के दौरे से पहले 24 फरवरी को केंद्रीय मंत्री अमेठी आएंगी। पीएम के दौरे से पहले अमेठी आ रहीं स्मृति बैठक कर जनसभा में भारी भीड़ जुटाने के अलावा ऐसी विकास योजनाओं के शिलान्यास पर आम सहमति बनाने की कोशिश करेंगी, जिससे लोगों के दिल में जगह बनाई जा सके।