फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

24 को अमेठी आएंगी स्मृति ईरानी, तय करेंगी पीएम के कार्यक्रम की रूपरेखा

Fri, 22 Feb 2019 06:29 PM IST
Amulya Rastogi न्यूज डेस्क, अमर उजाला लखनऊ
विज्ञापन
स्मृति ईरानी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन मार्च को प्रस्तावित एक दिवसीय दौरे से पहले 24 फरवरी को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी अमेठी आएंगी। इस दौरान केंद्रीय मंत्री पदाधिकारियों, प्रमुख नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर जनसभा में भारी भीड़ जुटाने के अलावा अन्य मुद्दों पर आम सहमति बनाने की कोशिश करेंगी। केंद्रीय मंत्री की योजना पीएम के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाकर लोकसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बढ़त हासिल करने का है।
विज्ञापन


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक दिवसीय दौरे पर तीन मार्च को अमेठी आएंगे। पीएम का कार्यक्रम मुंशीगंज स्थित आयुध निर्माणी परियोजना (ऑर्डिनेंस फैक्ट्री) परिसर में अत्याधुनिक असॉल्ट राइफल एके-103 की नई यूनिट का शुभारंभ करने का है। इसके अलावा प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। फिलहाल कार्यक्रम स्थल को लेकर अब तक पार्टी व प्रशासन में सहमति नहीं बन पाई है।

नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनने के बाद तीन मार्च को पहली बार कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी आ रहे हैं। ऐसे में भाजपा के साथ ही अमेठी को अपना बनाने की कोशिश में जुटीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी पूरी ताकत झोंक रखी है। पीएम का कार्यक्रम लगने के बाद से ही जहां स्मृति के निजी सचिव विजय गुप्ता अमेठी में डटे हैं वहीं पीएम के दौरे से पहले 24 फरवरी को केंद्रीय मंत्री अमेठी आएंगी। पीएम के दौरे से पहले अमेठी आ रहीं स्मृति बैठक कर जनसभा में भारी भीड़ जुटाने के अलावा ऐसी विकास योजनाओं के शिलान्यास पर आम सहमति बनाने की कोशिश करेंगी, जिससे लोगों के दिल में जगह बनाई जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन

पार्टी ने तेज की तैयारियां

नरेंद्र मोदी की जनसभा के मद्देनजर प्रभारी बनाए गए प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने बताया कि पार्टी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। लोकसभा क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक हो चुकी है। जनसभा को ऐतिहासिक बनाया जाएगा।

पीएम किसान सम्मान निधि योजना का करेंगी शुभारंभ
एक दिवसीय दौरे पर 24 फरवरी को अमेठी आ रहीं स्मृति ईरानी पूर्वाह्न 11 बजे जवाहर नवोदय विद्यालय में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। इस कार्यक्रम में स्मृति चयनित किसानों को धनराशि अंतरण का प्रमाण पत्र देने के अलावा उनके साथ बैठकर प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुनेंगी। भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी ने स्मृति के 24 फरवरी को अमेठी आने की पुष्टि की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें