केंद्रीय महिला, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा वस्त्र मंत्री स्मृति ईरानी
- फोटो : file photo
केंद्रीय महिला, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा वस्त्र मंत्री स्मृति ईरानी बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर अमेठी आ रही हैं। केंद्रीय मंत्री का हफ्ते भर में यह दूसरा दौरा है।
दो दिवसीय दौरे के पहले दिन मंत्री जिले के व्यापारियों के साथ बैठक कर उद्योग की नई संभावनाओं पर चर्चा करेंगी व दूसरे दिन सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित रन फॉर यूनिटी के अलावा कई अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी बुधवार की शाम गौरीगंज स्थित अपने आवास पर पहुंचेंगी। यहां जिले के उद्यमियों और व्यापारियों के साथ बैठक कर वे जिले में उद्योग की नई संभावनाओं की तलाश करने के अलावा विकास पर चर्चा करेंगी।
दौरे के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को केंद्रीय मंत्री जिला मुख्यालय गौरीगंज के सब्जी मंडी से जामों रोड तक आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में शामिल होंगी। रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन सरदार पटेल की जयंती पर भाजपा संगठन द्वारा किया गया है। इसके बाद स्मृति ईरानी अमेठी व तिलोई विधानसभा क्षेत्र में आयोजित गांधी संकल्प यात्रा की शुरुआत करेंगी।
इसके पहले केंद्रीय मंत्री पिछले 22 व 23 अक्तूबर को दो दिवसीय दौरे पर अमेठी आई थीं। 22 अक्तूबर को उन्होंने प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के साथ विभिन्न निरीक्षण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था जबकि 23 अक्तूबर को सलोन विधानसभा क्षेत्र में बैंकिंग सेवाओं का शुभारंभ किया था।