लखनऊ। गोमती नगर और हजरतगंज जैसे पॉश इलाकों में कई दिनों से गंदे और बदबूदार पानी की आपूर्ति हो रही है। शिकायत के बाद भी जलकल विभाग समस्या दूर नहीं कर पाया है। जिससे इस गर्मी में लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
गोमती नगर के विपुल खंड पांच में कई दिनों से बदूबदार पानी आ रहा है। ऐसे में लोगों को पीने के लिए पानी का जार खरीदना पड़ रहा है। दैनिक कार्यों के लिए पानी आसपास लगे सबमर्सिबल से लेना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि जलकल विभाग के कर्मचारी भी समस्या दूर नहीं कर पाए। उनका कहना है कि इलाके में नई सीवर लाइन डाली गई, मगर पुरानी बंद नहीं की गई। जिससे समस्या हो रही है।
वहीं, हजरतगंज में शाहनजफ रोड स्थित भेड़ी वाली कोठी में कई दिनों से बदबूदार सीवर मिला पानी आ रहा है, जिससे लोग परेशान हैं। स्थानीय निवासी रईस अंसारी ने बताया कि इस पानी से हाथ भी नहीं धो सकते। जलकल विभाग में शिकायत करने के बाद भी परेशानी बनी हुई है।
अमीनाबाद में दो दिन से संकट
अमीनाबाद में भी दो दिन से पानी का संकट बना हुआ है। पार्षद शफीकुर्रहमान चचा ने बताया कि शनिवार को बकरीद पर पानी की आपूर्ति ठप रही, जिससे त्योहार पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यह समस्या जलकल विभाग की लापरवाही से हुई।
गोमतीनगर में पानी की समस्या की जांच कराई जाएगी। भेड़ी वाली कोठी में एक जगह पर सीवरलाइन ओवरफ्लो कर रही है, उसे ठीक कराया जा रहा है। वहीं, अमीनाबाद में एक लाइन चोक हो गई है, उसे सही करने के लिए टीम लगी है। कुछ घरों में ही समस्या है।
- कुलदीप सिंह, महाप्रबंधक जलकल विभाग