स्मारक घोटाले की पड़ताल कर रही विजिलेंस की टीम नोएडा पहुंच गई है। टीम वहां नोएडा विकास प्राधिकरण से दलित प्रेरणा स्थल के निर्माण से संबंधित दस्तावेज हासिल करेगी।
वहीं विजिलेंस की एक अन्य टीम चुनार व मिर्जापुर गई है। विजिलेंस के अधिकारियों के मुताबिक टीम चुनार व मिर्जापुर में खनन से संबंधित काम की पड़ताल करेगी।
वहां पता किया जाना है कि कंसोर्टियम की कौन-कौन सी फर्म ने वहां से पत्थरों का खनन कराया व इसे खरीदा। टीम इससे संबंधित दस्तावेज अपने कब्जे में लेने की कोशिश कर रही है।
टीम इस काम में जिले के उच्च पुलिस अधिकारियों से भी सहयोग लेगी। जिस समय स्मारकों का काम हुआ था, उसी समय नोएडा में दलित प्रेरणा स्थल का निर्माण हुआ था।
विजिलेंस की टीम नोएडा विकास प्राधिकरण से इस निर्माण कार्य से जुड़े दस्तावेज हासिल करेगी। इन दस्तावेजों के तथ्यों व अभी तक की पड़ताल में सामने आए तथ्यों और बयानों का आपस में मिलान कराया जाएगा।
इससे तय हो सकेगा कि पत्थरों के खनन, मिर्जापुर से राजस्थान ले जाने और वापस लाने, नोएडा में स्मारकों के निर्माण व उससे जुड़े अन्य कार्यों में कौन से ठेकेदार जुड़े थे और किन अधिकारियों की देखरेख में काम हुआ।