फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बढ़ते साइबर अपराध पर लगेगा अंकुश, प्रदेश में खुलेंगे साइबर क्राइम के छह और थाने

Sun, 11 Aug 2019 12:59 AM IST
Amulya Rastogi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विज्ञापन

प्रदेश में बढ़ते साइबर क्राइम पर अंकुश लगाने के लिए साइबर क्राइम के छह और थाने खोले जाएंगे। हर जोन में साइबर क्राइम का एक थाना होगा। इससे आए दिन हो रही साइबर ठगी के मामलों की विवेचना में तेजी आएगी। 

विज्ञापन


आईजी साइबर क्राइम अशोक कुमार सिंह ने बताया कि बरेली, आगरा, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर जोन में एक-एक साइबर क्राइम थाना खोले जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। फिलहाल साइबर क्राइम के दो थाने लखनऊ और नोएडा (गौतमबुद्धनगर) में हैं। 

दरअसल बीते कुछ दिनों में साइबर ठगी के मामलों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। हर महीने यूपी कॉप एप के जरिए साइबर क्राइम के 150-200 केस दर्ज किए जा रहे हैं। इसके अलावा थानों पर भी शिकायतें पहुंच रही हैं। बीते 24 घंटे में ही लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, गाजियाबाद, कानपुर नगर, वाराणसी, गौतमबुद्धनगर और आजमगढ़ में साइबर ठगी के 10 मुकदमे दर्ज किए गए। इनमें किसी से ओटीपी पूछकर तो किसी को पीएफ और बैंक खाते की जानकारी देने के बहाने 10 हजार से 50 हजार रुपये तक निकाल लिए गए।  

विज्ञापन
विज्ञापन

साइबर थाने में 25 लाख से अधिक की ठगी के मामले होते हैं दर्ज

आईजी साइबर क्राइम ने बताया कि साइबर क्राइम थाना 25 लाख से अधिक की ठगी के मामले दर्ज करता है। बाकी मामले जिला स्तर पर साइबर सेल के जरिए दर्ज किए जाते हैं। खातों और मोबाइल नंबर के सहारे ही कई बड़े खुलासे पिछले दिनों किए गए हैं। वहीं, साइबर ठगी के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस अफसर के पिता के खाते से निकल गए दो लाख
ऐसा नहीं है कि इस ठगी के शिकार सिर्फ अनपढ़ लोग हो रहे हैं। पढ़े-लिखे लोग भी साइबर ठगी के चक्कर में फंसकर रुपये गंवा रहे हैं। बीते दिनों यूपी पुलिस के एक बड़े अधिकारी के पिता के खाते से दो लाख रुपये निकल गए। यूपी साइबर क्राइम की टीम दिन-रात एक करके जब उस ठग तक पहुंची तो वह लुधियाना पुलिस के कब्जे में था। उस ठग ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी के खाते से 22 लाख रुपये उड़ाए थे।

साइबर क्राइम की टीम ने उड़ाई गई रकम उक्त पुलिस अफसर के पिता के खाते में वापस कराई। पिछले महीने केजीएमयू के एक नामचीन डॉक्टर की पत्नी से फेसबुक पर दोस्ती कर ‘तोहफे’ के लालच में लाखों रुपये ऐंठ लिए गए। डॉक्टर की शिकायत पर एसटीएफ ने तीन नाइजीरियाई गिरफ्तार किए, लेकिन पैसे वापस नहीं दिला पाई क्योंकि यह रकम नाइजीरिया भेजी जा चुकी थी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें