सीतापुर जिले के कमलापुर इलाके के देवीपुर गांव के पास मंगलवार को हाइवे पर एक कार की चपेट में पांच लोग आ गए। इनमें चार किशोर व एक युवक शामिल है। सूचना पर आई पुलिस ने पांचों घायलों को सीएचसी सिधौली में भर्ती कराया। वहां से दो घायलों को लखनऊ स्थित ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। साथ ही तीन घायलों को परिजन निजी अस्पताल में ले गए। सीएचसी अधीक्षक डॉ आनंद सिंह ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है। देर रात उपचार के दौरान दो घायलों ने दम तोड़ दिया।
देवीपुर गांव निवासी अमित (16), शैलेश (12), लक्ष्मी (12) व सचिन (18) मंगलवार को मिश्रापुर निवासी ईशू (13) को लेने के लिए हाइवे पार करके गए थे। वापस आते समय सभी सड़क पार कर रहे थे। इस दौरान लखनऊ की ओर से सीतापुर मुख्यालय की ओर आ रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए। हादसे में पांचो गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस व ग्रामीणों की मदद से सभी को सीएचसी सिधौली में भर्ती कराया गया। वहां से चिकित्सकों ने ईशू व सचिन को गंभीर हालत के कारण लखनऊ रेफर कर दिया है। वहीं, तीन को परिजन निजी अस्पताल ले गए। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया है। चालक को भी हिरासत में ले लिया गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
उपचार के दौरान अमित व सचिन ने तोड़ा दम
सीएचसी से अमित व ईशू को लखनऊ स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया था। देर रात अमित ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, ईशू की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, सचिन को परिजन प्राइवेट अस्पताल ले गए। वहां सचिन की मौत हो गई।