एक किशोरवय छात्रा के साथ स्कूल के ही छात्र ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। आरोप है कि आरोपी छात्र आपत्तिजनक वीडियो बनाकर छात्रा को ब्लैकमेल कर रहा था। इस दौरान छात्रा से 40 हजार रुपये और जेवरात भी ले लिए गए। मामले की जानकारी मिलने पर छात्रा के पिता ने चार लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक गांव की रहने वाली छात्रा को झांसा देकर उसी के स्कूल में पढ़ने वाले छात्र ने प्रेम संबंध बनाए। आरोप है कि इसके बाद छात्रा के साथ दुष्कर्म किया गया। इस दौरान आपत्तिजनक तस्वीर बना ली गई। इसके बाद छात्र अपने साथियों के साथ मिलकर छात्रों को ब्लैकमेल करने लगा। फोटो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी छात्र ने अपने साथियों की मदद से छात्रा से 40 हजार रुपये और जेवर ले लिए।
बताते हैं कि जेवर को घुरवारा की एक ज्वैलर्स की दुकान पर बेच दिया गया। पहले तो छात्रा ने घरवालों को कोई जानकारी नहीं दी लेकिन जब आरोपी छात्र बराबर उससे पैसे मांगने लगा तो परिवार को घटना की जानकारी दी गई। गत रविवार को छात्रा के पिता ने डलमऊ कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी थी।
इस पर पुलिस ने आरोपी छात्र समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सीओ डलमऊ अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी छात्र और उसके साथियों की धरपकड़ की जा रही है।