लखनऊ। पारा में शुक्रवार शाम सीतापुर पुलिस ने पूछताछ के लिए व्यापारी के कर्मचारी को उठा लिया। व्यापारी का आरोप है कि पुलिस ने उनके कर्मचारी को नौ हजार रुपये लेकर सुशांत गोल्फ सिटी में छोड़ा।
बुद्धेश्वर निवासी व्यापारी अनिल के मुताबिक, काकोरी के करीमाबाद में रहने वाले नवल किशोर उर्फ नेवाली उनकी दुकान पर काम करते हैं। शुक्रवार शाम पांच बजे कार से चार लोग बुद्धेश्वर चौराहे पर पहुंचे। दो युवक पुलिस की वर्दी में थे, जबकि दो सिविल ड्रेस में थे। चारों उनके कर्मचारी नवल को जबरन कार में बैठाकर ले गए। उनका मोबाइल भी बंद था। देर रात उन्हें नवल के सुशांत गोल्फ सिटी में होने की जानकारी मिली।
पारा इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार वर्मा के मुताबिक सीतापुर के लहरपुर थाने की पुलिस आई थी। पुलिस ने नवल, रमजान और पंकज यादव को ठगी के मामले में पूछताछ के लिए सुशांत गोल्फ सिटी ले गई थी। पूछताछ के बाद करीब नौ बजे तीनों को छोड़ दिया गया था।