बहराइच के रिसिया थाने में एक सिपाही द्वारा दी गई शराब पार्टी में खाकीधारियों ने जमकर हंगामा किया और आपस में मारपीट कर खूब बवाल किया। मामले की जानकारी पर पुलिस अधीक्षक ने आठ सिपाहियों को निलंबित कर दिया और पूरे मामले की जांच एएसपी को सौंपी है।
दरअसल, रिसिया थाने में तैनात सिपाही महीप शुक्ला के आवास पर 20-21 सितंबर की रात पार्टी का आयोजन किया गया। पार्टी में थाने के ही सिपाहियों का निमंत्रण था।
सिपाहियों ने पहले जमकर शराब पी और फिर नशा चढ़ते ही खूब बवाल किया। गालीगलौज के बाद एक दूसरे से मारपीट शुरू कर दी। बुधवार को प्रकरण की जानकारी एसपी डाक्टर विपिन मिश्रा को हुई।
एसपी ने रिसिया थाने में तैनात सिपाही महेश शुक्ला, राजेश यादव, अमित यादव, अजय यादव, पंकज यादव, विनोद यादव, अफजल खान व पवन यादव को निलंबित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सिपाही के घर पार्टी का आयोजन कर शराब पीकर हंगामा और मारपीट करने का मामला संज्ञान में आते ही आठ सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। जांच एएसपी नगर ज्ञानंजय सिंह को सौंपी गई है।