मीडिया ने तबरेज से जमीन, चाचाओं से विवाद और मुस्लिम होने के नाते परेशान किए जाने पर सवाल किए तो उन्होंने कहा कि अब यह परिवार का विवाद जहालत से नहीं, बल्कि अदालत से तय होगा। मीडिया ने सवाल किया कि आपके वालिद ने कहा है कि यूपी में मुस्लिम होना गुनाह है।
मशहूर शायर मुनव्वर राना के बेटे तबरेज राना को कोर्ट से फिलहाल राहत मिल गई है। सीजेएम कोर्ट ने आपराधिक षडय़ंत्र व अपराध का झूठा आरोप लगाने के मामले में आरोपी तबरेज राना की ओर से दाखिल जमानत अर्जी गुरुवार को सुनवाई के बाद स्वीकार कर लिया। कोर्र्ट ने आरोपी को 20-20 हजार की दो जमानत प्रपत्र वन इसी राशि का व्यक्तिगत बंधपत्र दाखिल करने पर जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया। जमानत प्रपत्र दाखिल होने के बाद कोर्ट से आरोपी तबरेज की रिहाई का आदेश भी जिला कारागार भेज दिया गया।
विज्ञापन
शायर मुनव्वर राना के बेटे तबरेज राना ने बीती 28 जून को सदर कोतवाली में तहरीर देकर लखनऊ मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास जानलेवा हमले का मुकदमा अपने चर्चाओं के खिलाफ दर्ज कराया था। मामले में पुलिस ने साजिशकर्ता नयापुरवा निराला नगर निवासी हलीम और सुल्तान अली के अलावा शूटर व भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे हंसा मजरे बेलाभेला निवासी सत्येंद्र त्रिपाठी व उत्तरपारा निवासी शुभम सरकार को भी गिरफ्तार करके जेल भेजा था। जमीनी विवाद में चाचाओं को फर्जी मामले में फंसाने के लिए तबरेज राना ने स्वयं खुद पर हमले की साजिश रची थी।
एएसपी विश्वजीत श्रीवास्तव के दिशानिर्देशन में सदर कोतवाल अतुल सिंह, एसओजी टीम प्रभारी अमरेश कुमार त्रिपाठी की अगुवाई में पुलिस टीम ने बुधवार को लखनऊ के हुसैनगंज के लालकुआं स्थित एफआई टॉवर ढींगरा अपार्टमेंट से तबरेज राना को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस तबरेज को लेकर यहां पहुंची थी और मेडिकल परीक्षण के बाद उसे जेल भेज दिया था। गुरुवार को कोर्ट ने तबरेज को राहत देते हुए जमानत दे दी।
विज्ञापन
अस्थायी बैरक में रखा गया था तबरेज
जेलर सत्य प्रकाश ने बताया कि बुधवार की रात 9.20 बजे तबरेज को जिला कारागार लाया गया था। तबरेज को अस्थायी बैरक में रखा गया था। कोर्र्ट से तबरेज को जमानत मिलने की जानकारी हुई है। जमानत प्रपत्र चेक करने के बाद तबरेज को जेल से रिहा किया जाएगा।
जहालत से नहीं, अदालत से तय होगा मामला : तबरेज
जेल भेजने के 24 घंटे भी नहीं बीते कि गुरुवार रात करीब आठ बजे तबरेज राना सलाखों से बाहर आ गया। जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आने पर मीडिया ने तबरेज से जमीन, चाचाओं से विवाद और मुस्लिम होने के नाते परेशान किए जाने पर सवाल किए तो उन्होंने कहा कि अब यह परिवार का विवाद जहालत से नहीं, बल्कि अदालत से तय होगा। मीडिया ने सवाल किया कि आपके वालिद ने कहा है कि यूपी में मुस्लिम होना गुनाह है। मुस्लिम होने की वजह से ही उसके बेटे को परेशान किया जा रहा है। इस पर तबरेज राना ने साफ कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है। यह उनका सोचना हो सकता है, लेकिन मेरा नहीं। मेरी फ्रेंड सर्किल में बहुत से दोस्त गैर मुस्लिम हैं, जिनसे मुुझे कोई शिकायत नहीं है। हां मुस्लिम दोस्तों से मुझे जरूर शिकायत है। सोशल मीडिया पर असलहों के वायरल होने के सवाल पर कहा कि यह सही है, लेकिन असलहे लाइसेंसी हैं तो उसमें डरना क्या है। मैं शूटिंग कंम्प्टीशन की तैयारी करता हूं। इसीलिए ऐसा होना स्वाभाविक है। उन्होंने अपनी गिरफ्तारी पर वालिद के दिए गए बयान को सही ठहराया। कहा कि जिस केस में गिरफ्तारी नहीं होनी चाहिए, उसमें जबरदस्ती पकड़कर बंद किया गया, जो गलत है।