मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई और सपा सरकार के सिंचाई और जलसंसाधन मंत्री शिवपाल यादव ने बेतुका बयान दे डाला है। शिवपाल यादव ने साधु, संत और साध्वी पर तंज कसते हुए कहा है कि क्या अब साध्वी और संत भी बच्चे पैदा करेंगे?
शिवपाल का मतलब साफ है कि बिना शादी किए ये लोग चार बच्चे पैदा करने की सलाह कैसे दे सकते हैं। शिवपाल यादव ने इस बयान से भाजपा के सांसदों पर हमला बोला। उन्होंने ये बयान बरेली में एक तिलक समारोह के दौरान दिया।
साक्ष्ी महाराज के साथ ही शिवपाल ने साध्वी प्राची को भी चार बच्चे पैदा करने का तंज कसा। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज ने हिंदूओं को कम से कम चार-चार बच्चे पैदा करने की सलाह दी थी।
इससे पहले सपा सरकार के आजम खां भी चार बच्चे पैदा करने को लेकर विवादास्पद बयान दे चुके हैं। आजम खां और शिवपाल यादव दोनों ही अखिलेश सरकार के शक्तिशाली नेताओं में से हैं।