सपा के पूर्व अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के बाद उनके छोटे भाई व सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव का भी दर्द छलक आया। रक्षाबंधन पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मैं समाजवादी पार्टी में एक जिम्मेदार पद मिलने का इंतजार कर रहा हूं और अब डेढ़ साल हो गए हैं। उन्होंने साफ संकेत दिए कि वो एक बार फिर से सपा में सक्रिय तौर पर काम करने के लिए तैयार हैं।
आपको बता दें कि यूपी के विधानसभा चुनाव 2017 के पहले परिवार में हुए झगड़े के बाद शिवपाल अलग-थलग पड़ गए थे। पार्टी की कमान अखिलेश यादव के हाथ में आने के बाद उन्हें कोई पद नहीं दिया गया। हालांकि, समय-समय पर उनके कांग्रेस व भाजपा से नजदीकियां होने की भी खबरें आई लेकिन उन्होंने इन खबरों का खंडन किया। इसके पहले मुलायम सिंह का पूरा कुनबा राज्यसभा चुनाव के पहले लखनऊ में इकट्ठा हुआ था लेकिन राजनीतिक तौर पर अब भी दूरियां कम नहीं हुई हैं।
शिवपाल सिंह यादव यूपी में महागठबंधन का समर्थन करते रहे हैं। उनका कहना है कि सपा-बसपा मिलकर ही यूपी में भाजपा को टक्कर दे सकते हैं और अब जब चुनाव आ रहे है तो शिवपाल ने सपा में जिम्मेदारी न मिलने की बात कही।
आपको बता दें कि एक दिन पहले ही सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का भी दर्द छलका था। लखनऊ में समाजवादी नेता भगवती सिंह के 86वें जन्मदिन समारोह में उन्होंने कहा, आज हमारा कोई सम्मान नहीं करता, लेकिन मेरे मरने के बाद शायद करें। डॉ. राम मनोहर लोहिया के साथ भी ऐसा ही हुआ। डॉ. लोहिया कहा करते थे जिंदा रहते कोई सम्मान नहीं करता है।
(यहां पढ़ें मुलायम का पूरा बयान)