सपा के प्रदेश प्रभारी व वरिष्ठ मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने बृहस्पतिवार को पलटवार करते हुए बसपा सुप्रीमो मायावती से पूछा कि वे कितने गरीबों और दलितों के घर गई हैं।
उन्होंने दावा किया कि 2017 में सपा 300 सीटें जीतेगी और बसपा 50 पर ही सिमट जाएगी। शिवपाल ने कहा कि सपा को छोड़कर किसी भी दल के पास जमीनी कार्यकर्ता नहीं हैं।
थोड़े-बहुत कार्यकर्ता बसपा व भाजपा के पास हैं, लेकिन कांग्रेस का तो जनाधार ही नहीं है।
उन्होंने कहा कि मायावती को बाबा साहब के विचारों के प्रचार-प्रसार से ज्यादा वोटों की चिंता है। वे प्रदेश में एक पर्यटक की तरह आती हैं व लौट जाती हैं।
जब वे उत्तर प्रदेश में रहती ही नहीं तो उन्हें क्या पता कि यहां कितना विकास हुआ है।
चार बार यूपी की सीएम रहने के बाद भी मायावती चार ऐसे काम नहीं गिना सकतीं जो बाबा साहब के विचारों की कसौटी पर खरे उतरते हों।