समाजवादी पार्टी की बैठक खत्म होने के बाद कार्यालय के भीतर और बाहर का माहौल और खराब हो गया। मुलायम सिंह ने अखिलेश और शिवपाल को जबरदस्ती गले मिलवाया और इसके बाद शिवपाल और अखिलेश के बीच सीधी कहासुनी होने की नौबत आ गई।
दरअसल सीएम अपनी बात पहले रख चुके थे। इसके बाद शिवपाल यादव ने उन पर कुछ आरोप लगाए और मुलायम सिंह ने फटकार भी लगाई।
मीटिंग खत्म होने पर अखिलेश ने जैसे ही फिर से अपनी बात रखने के लिए माइक पकड़कर एक अखबार में छपे उस लेख का जिक्र किया जिसमें उन्हें औरंगजेब बताया गया था।
इसी बीच शिवपाल ने उनके हाथ से माइक छीन लिया और बोले, मुख्यमंत्री झूठ बोल रहे हैं। इसी बात को लेकर माहौल बिगड़ गया और मंच पर ही धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
खबरों के मुताबिक आशू मलिक ने सीएम को धक्का दिया तो अखिलेश के समर्थक भी भड़क गए। इससे पहले सीएम ने मंच पर ही मुलायम सिंह के पैर छूते हुए कहा था कि मेरा जन्मदिन है, आशीर्वाद नहीं देंगे। उन्होंने मंच पर ही चाचा शिवपाल के भी पैर छुए थे। इसी के बाद हंगामा शुरू हो गया।