बिना टीईटी के समायोजन की मांग को लेकर शिक्षा मित्रों ने सोमवार को भी प्रदेशभर में सपा नेताओं के आवास का घेराव कर प्रदर्शन किया।
शिक्षा मित्रों ने लखनऊ में सुशीला सरोज, सिदार्थनगर में विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद व गोंडा में विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह के साथ ही अमरोहा में पंचायती राज्यमंत्री कमाल अख्तर का आवास घेरा।
इस दौरान कई सपा नेता ने आश्वासन देकर उनके प्रदर्शन का समर्थन तक कर डाला और कुछ ने वादा किया कि वे इसे मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे।
उधर, राजधानी में अनशन पर डटे शिक्षा मित्रों का कहना है कि कुछ संगठन शिक्षा मित्र के आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं।
लेकिन शिक्षा मित्र अपने आंदोलन को समायोजन का शासनादेश जारी होने तक जारी रखेंगे। सोमवार को लक्ष्मण मेला स्थल आदर्श शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन ने क्रमिक अनशन पर डटे शिक्षा मित्रों ने प्रदर्शन जारी रखा।
प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर एकत्र होकर समाजवादी पार्टी के घोषित प्रत्याशियों के घर का घेराव करने के निर्णय के तहत शिक्षा मित्रों ने प्रदेशभर में सपा नेताओं के आवास का घेराव किया।
राजधानी में जितेंद्र शाही के नेतृत्व में सांसद सुशीला सरोज के इंदिरा नगर आवास को सुबह 11 बजे के करीब घेर लिया।
नारेबाजी और प्रदर्शन के दौरान बाहर आई सुशीला सरोज ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि वे शिक्षा मित्रों की समर्थक हैं और उनकी मांग को मुख्यमंत्री तक लेकर जाएंगी। शिक्षा मित्रों ने विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद का आवास घेरा।
हेमंत कुमार शुक्ला के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे शिक्षा मित्रों ने उनके आवास को दो घंटे से अधिक घेरे रखा। बाद में माता प्रसाद ने शिक्षकों को उनकी मांग के लिए आश्वासन देकर शांत कराया।
राजधानी में क्रमिक अनशन पर डटे एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र शाही ने कहा कि संगठन को तोड़ने का प्रयास भी तेज हो गया है, लेकिन शिक्षा मित्र पूरी मजबूती से अपने आंदोलन को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा मित्रों की ताकत को कमजोर करने वाली शक्तियों को चिह्नित किया जा चुका है। शिक्षा मित्र राजधानी में पांच फरवरी को होने वाले प्रदर्शन को लेकर तैयार हैं।
लक्ष्मण मेला स्थल पर ध्वजारोहण
शिक्षा मित्रों ने निर्णय के मुताबिक प्राथमिक विद्यालयों में नहीं बल्कि राजधानी में लक्ष्मण मेला स्थल पर ही ध्वजा रोहण किया।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र शाही, प्रांतीय महामंत्री विश्वनाथ सिंह कुशवाहा, प्रांतीय सचिव रीना सिंह समेत बड़ी संख्या में शिक्षा मित्रों ने नदी किनारे झंडा रोहण कार्यक्रम कर देश में शिक्षा व शिक्षकों की हिफाजत की प्रार्थना की।