उप्र शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के सदस्यों के निर्वाचन के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। चुनाव 11 जुलाई को होगा।
निर्वाचन अधिकारी की अधिसूचना के अनुसार शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के सदस्यों के रूप में राज्य से शिया समुदाय के दो सांसद, दो विधानमंडल सदस्य और राज्य विधिक परिषद के दो सदस्यों के अलावा प्रति वर्ष एक लाख रुपये या उससे अधिक की आय वाले वक्फ के दो मुतवल्ली का निर्वाचन किया जाना है।
इस चुनाव के लिए 4 जुलाई को सुबह 10.30 बजे से शाम 5 बजे के बीच नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। इनकी जांच 8 जुलाई को सुबह 10.30 बजे से होगी।
नाम वापसी 9 जुलाई को दोपहर 3 बजे तक होगी। ये सभी काम इंदिरा भवन के कक्ष संख्या 817 में शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के कार्यालय में होंगे।
मतदान 11 जुलाई को 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। मतों की गणना उसी दिन दोपहर 3.15 बजे से होगी। परिणामों की घोषणा उसी दिन हो जाएगी।
मतदान, मतगणना तथा परिणामों की घोषणा बापू भवन के द्वितीय तल पर स्थित सभा कक्ष में होगी।