मंद बुद्धि, मानसिक रूप से विक्षिप्त बालिकाओं एवं महिलाओं को सहारा देने के लिए यूपी में जल्द ही विशेष आश्रय स्थल खुलेंगे। केन्द्र सरकार की समेकित बाल संरक्षण योजना के तहत महिला कल्याण निदेशालय ऐसी बालिकाओं एवं महिलाओं के लिए 12 जिलों में विशेष आश्रय स्थल गृह खोलने जा रहा है।
इसके लिए विज्ञापनों के जरिये इच्छुक स्वयंसेवी संगठनों से प्रस्ताव भी आमंत्रित किए जा चुके हैं। यह जानकारी मंगलवार को उप निदेशक महिला कल्याण पुनीत कुमार मिश्र ने दी। उन्होंने बताया कि पीपीपी मॉडल पर बनने वाले इन आश्रय स्थलों के लिए निदेशालय स्तर पर गठित समिति के समक्ष संस्थाओं ने अपनी कार्ययोजना का प्रस्तुतिकरण किया है।
उम्मीद है, जल्द ही चयनित 12 जिलों में विशेष आश्रय स्थल कार्य करने लगेंगे। इन जिलों में लखनऊ, बरेली, वाराणसी, झांसी, आगरा, गोरखपुर, मिर्जापुर, गौतमबुद्ध नगर, सहारनपुर, पीलीभीत, कानपुर और इलाहाबाद शामिल हैं।