लखनऊ। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में स्टीफन हॉकिंग सेंटर ऑफ नैनो साइंस एंड टेक्नोलॉजी की स्थापना की जाएगी। कुलपति प्रो. संजय सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को हुई भौतिक विज्ञान विभाग की एक वर्षीय, तीन वर्षीय और पांच वर्षीय कार्ययोजना के प्रस्तुतिकरण के दौरान इसका निर्णय लिया गया।
विभाग के शिक्षक प्रो. सीके दीक्षित ने कहा कि एक वर्षीय कार्ययोजना के तहत सत्र 2024-25 में स्नातक स्तर पर बीएससी पाठ्यक्रम में भौतिक व रसायन विज्ञान और गणित विषयों के साथ शुरुआत होगी। साथ ही परास्नातक स्तर पर एमएससी पदार्थ विज्ञान एवं एमटेक स्तर पर सेमी कंडक्टर टेक्नोलॉजी और वीएलएसआई डिजाइन कोर्स की शुरुआत की जाएगी। इसी क्रम में विभाग में स्टीफन हॉकिंग सेंटर ऑफ नैनो साइंस एंड टेक्नोलॉजी सेंटर की स्थापना होगी। तीन वर्षीय कार्ययोजना के अंतर्गत स्पेस फिजिक्स एवं नैनो मैटेरियल की विशिष्टता के साथ एमएससी फिजिक्स पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। साथ ही साथ पदार्थ विज्ञान में एमएससी-पीएचडी ड्यूल डिग्री प्रोग्राम संचालित किए जाएगे। साथ ही विभाग विभाग के अंदर एक एटमॉस्फेरिक एंड स्पेस फिजिक्स लैब की स्थापना भी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पांच वर्षीय कार्ययोजना के अंतर्गत विभाग पीपीपी मोड पर स्टीफन हॉकिंग सेंटर ऑफ नैनो साइंस एंड नैनो टेक्नोलॉजी को स्थापित करेगा। इस मौके पर बैठक में कुलसचिव रोहित सिंह, डीन प्रो. सीके दीक्षित, डॉ. अशोक कुमार मिश्रा, डॉ. डीबी सिंह, डॉ. सुशील कुमार सिंह, डॉ. अभिसारिका भारती, डॉ. शिप्रा त्रिपाठी, डॉ. अंजनी कुमार पांडेय, और डॉ. आशीष मल्ल आदि उपस्थित रहे ।