‘शबरी मोबाइल एप’ से अब बच्चों की सेहत के बारे में तत्काल जानकारी ली जा सकेगी। इस एप के जरिए जहां कुपोषण पर नजर रखने में मदद मिलेगी, वहीं कुपोषित बच्चे के स्वास्थ्य में सुधार के लिए सुझाव भी प्राप्त किए जा सकेंगे।
यूपी दिवस पर बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार निदेशालय की ओर से तैयार कराए गए इस एप को लॉन्च किया गया। जल्द ही इसके माध्यम से उन बच्चों की सेहत पता करने का काम शुरू होगा, जो कुपोषण के शिकार हैं या होने की स्थिति में हैं।
सरकार का मानना है कि इस एप से कुपोषित बच्चों व महिलाओं का पता लगाने के साथ ही इनके स्वास्थ्य पर नजर रखने में मदद मिलेगी। एप में बच्चे की उम्र व वजन फीड करने पर पता चल जाएगा कि वह कुपोषित है या नहीं।
अगर बच्चे का स्वास्थ्य थोड़ा-बहुत खराब है या बच्चा कुपोषित है तो उसमें सुधार के बारे में भी सुझाव भी एप के जरिए ही मिल जाएंगे। बच्चों में कुपोषण दूर करने के लिए सरकार ने ‘सस्टेनेबल हेल्थ एंड न्यूट्रिशन बिलो रेड इंडिकेटर’ (शबरी) स्कीम शुरू की है।