सरोजनीनगर। बुधवार शाम खराब मौसम के कारण विमान सेवाओं पर गहरा असर पड़ा। वाराणसी और दिल्ली से कुल सात उड़ानें लखनऊ एयरपोर्ट पर डायवर्ट की गईं। एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि दोनों शहरों में अचानक मौसम बिगड़ने से विमान संचालन प्रभावित हुआ।
बंगलूरू से वाराणसी जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 6596) वाराणसी एयरपोर्ट पर नहीं उतर सकी। यह उड़ान आसमान में चक्कर काटती रही, लेकिन एटीसी ने लैंडिंग की अनुमति नहीं दी। बाद में इसे लखनऊ एयरपोर्ट पर शाम 6:25 बजे उतारा गया।
दिल्ली का मौसम खराब होने से बंगलूरू से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 860) भी डायवर्ट हुई। यह उड़ान लखनऊ एयरपोर्ट पर रात 8:25 बजे पहुंची। डेनपासार से दिल्ली की एअर इंडिया की उड़ान (एआई 2148) भी दिल्ली में नहीं उतर पाई और इसे लखनऊ डायवर्ट कर रात 8:20 बजे उतारा गया।
गुवाहाटी से दिल्ली की एअर इंडिया की उड़ान (एआई 1867) भी चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर डायवर्ट की गई। पटना से दिल्ली की इंडिगो की उड़ान (6ई 6346), जम्मू से दिल्ली की इंडिगो की उड़ान (6ई 5054) और चंडीगढ़ से दिल्ली की एअर इंडिया की उड़ान (एआई 2602) भी लखनऊ डायवर्ट हुईं। सभी डायवर्ट विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर काफी देर तक खड़े रहे। बाद में मौसम सही होने पर इन सभी उड़ानों को लखनऊ से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।